जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जिले में जल संरक्षण हेतु प्रभावी कार्य लगातार जारी*
आलीराजपुर,07 अप्रैल 2026। जल संरक्षण के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान का सतत प्रयास जारी है। यह अभियान 19 मार्च से प्रारंभ होकर 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।
जिले में अभियान की शुरुआत जनपद पंचायत आलीराजपुर की ग्राम पंचायत गिराला में तालाब गहरीकरण कार्य से की गई, जिसे जनसहयोग के माध्यम से सफलतापूर्वक पूरा किया जा रहा है।इस अभियान में जनभागीदारी को विशेष रूप से सम्मिलित किया गया है,जिसके अंतर्गत जिले की सभी 6 जनपद पंचायत क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में बोरी बंधान जैसे कार्य 19 मार्च को एक साथ किए गए हैं।
अभियान के तहत जनपद पंचायत आलीराजपुर में अब तक 195 रिचार्ज स्ट्रक्चर और 75 खेत तालाब पूर्ण किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त जनसहभागिता से 54 बोरी बंधान कार्य भी संपन्न हुए हैं। वर्तमान में 445 रिचार्ज स्ट्रक्चर एवं 99 खेत तालाब निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। अभियान के तहत गत वर्ष के अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं जन अभियान परिषद द्वारा आलीराजपुर जिले के विकासखंड सोंडवा अंतर्गत ग्राम पंचायत टेमला के झिरी फलिया में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत “जल शक्ति से नवभक्ति” की भावना के साथ जनसहभागिता से 200 बोरी का बोरी बंधान निर्माण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। साथ ही नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए समस्त जनों द्वारा कलश यात्रा के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश देते हुए जागरूकता रैली निकाली गई।
फास्ट न्यूज इंडिया
पायल बघेल डिस्टिक इंचार्ज आलीराजपुर


