गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर निवासी देवेंद्र धर द्विवेदी से 39 लाख रुपये की ठगी हो गई। जालसाजों ने फर्जी कागजात दिखा जमीन दिलाने के नाम पर उनसे रुपये ठग लिए। रुपये मांगने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर कैंट थाने में अभय कुमार पांडेय, उसके पिता लक्ष्मीशंकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
देवेंद्र धर द्विवेदी ने बताया कि गीडा के बड़गहन निवासी अभय कुमार पांडेय, उसके पिता लक्ष्मीशंकर पांडेय और परिवार के अन्य सदस्य जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। आरोप है कि इन लोगों ने इंतखाब समेत अन्य कागजात दिखाकर और फर्जी इकरारनामा व पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर जमीन दिलाने का झांसा दिया। इससे पहले भाई को जमीन दिलाने के कारण उन पर विश्वास हो गया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने सस्ते दर पर कीमती जमीन दिलाने का लालच देकर अलग-अलग तिथियों में नकद और बैंक खातों के जरिये कुल 39 लाख रुपये ले लिए। इसमें आठ लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से आरोपियों के पिता के खाते में और करीब 28.25 लाख रुपये अभय पांडेय के खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा 2.75 लाख रुपये नकद भी दिए गए। रुपये लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो जमीन का बैनामा कराया गया और न ही रुपये वापस किए गए।
आरोप है कि जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे और मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। आठ मार्च को दोबारा पैसे मांगने पर भी आरोपियों ने दुर्व्यवहार कर धमकाया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी संगठित गिरोह के रूप में लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते हैं और रसूख के कारण उन पर कार्रवाई नहीं हो पाती।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
