फास्ट न्यूज इंडिया आलीराजपुर। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरण, खाद्यान्न वितरण, एचपीवी वैक्सीन की स्थिति, जल गंगा संवर्धन अभियान सहित विभिन्न विषयों पर विभागवार समीक्षा की गई और संबंधित विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम, सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों पर नियमानुसार आर्थिक दंड लगाया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए 50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों के संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए तथा साथ ही सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपनी रैंकिंग सुधारकर ए ग्रेड में आना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को खाद्य विभाग के साथ समन्वय कर खाद्य विभाग से संबंधित अवैध कार्यों पर सक्रिय कार्रवाई करने तथा पीडीएस केंद्रों पर खाद्यान्न वितरण हेतु अभी से निगरानी रखने के निर्देश दिए। एचपीवी वैक्सीन अभियान की धीमी प्रगति पर कलेक्टर श्रीमती माथुर ने नाराजगी जताई और लक्ष्य अनुरूप कार्य नहीं होने पर सीएमएचओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित करते हुए कहा कि टीकाकरण अभियान में तेजी लाई जाए। ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनपद सीईओ और नगर परिषद सीएमओ को निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाएं अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती माथुर ने तहसीलदारों को फार्मर रजिस्ट्री कार्य में अनिवार्य रूप से प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को व्यक्तिगत प्राथमिकता के रूप में लें। आकांक्षी ब्लॉक उदयगढ़ एवं कट्टीवाड़ा में संचालित संपूर्णता अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग की प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। एफएमडी टीकाकरण में लक्ष्य पूरा नहीं करने पर उप संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और निर्देश दिए कि अधिकतम टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्रीमती माथुर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा जनपदवार की। एक एक जनपद सीईओ से जनपदों में किए गए कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने 19 मार्च से अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा कर लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम को अभियान के तहत किए गए कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। पायल बघेल 151172231
