फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड रुद्रपुर/पंतनगर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में उधमसिंह नगर पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे देह व्यापार के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। रविवार को रुद्रपुर, पंतनगर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्रों में एक साथ की गई छापेमारी में पुलिस ने 10 युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि 19 महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया है। इस मामले में अलग-अलग थानों में कुल 5 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर गठित एएचटीयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गोपनीय सूचनाओं के आधार पर मॉल और प्रमुख बाजारों में स्थित स्पा सेंटरों पर दबिश दी। पुलिस टीम जब इन सेंटरों के भीतर पहुंची, तो वहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होती मिलीं। पुलिस ने मौके से ग्राहकों और संचालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गौरव साहू, सूरज राठौर, अरशद, रोहित छाबड़ा, सानू, आदिल, ओमप्रकाश, आसीम, नासिर और मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, गिरोह के कुछ मुख्य संचालक और सहयोगी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पंतनगर क्षेत्र के मेट्रोपोलिस मॉल में संचालित 'द थाई यूनिसेक्स स्पा', 'डायमंड स्पा' और 'द ग्रीन वैली स्पा' में अनैतिक देह व्यापार की पुष्टि होने पर इनके मालिकों के खिलाफ भी सख्त धाराओं में केस दर्ज किया गया है। छापेमारी के दौरान मुक्त कराई गई 19 महिलाओं को काउंसलिंग और पुनर्वास के लिए भेजा गया है। इसके अलावा ट्रांजिट कैंप पुलिस ने भी 'थाई स्पा' और 'एंजेल स्पा' में रिकॉर्ड और सत्यापन में लापरवाही मिलने पर 20 हजार रुपये का चालान काटा है।
एसएसपी अजय गणपति ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में स्पा की आड़ में गलत काम करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि "ऑपरेशन प्रहार" के तहत यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा और संदिग्ध सेंटरों के लाइसेंस की भी गहन जांच की जा रही है। शाहनूर अली 151045804


वीडियो को देखने के लिए क्लिक करें।