पृथ्वीगंज बाजार में तरुण चेतना द्वारा वस्त्र वितरण समारोह आयोजित
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी पट्टी, प्रतापगढ़। पट्टी तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत रमईपुर दिशिनी स्थित पृथ्वीगंज बाजार प्रांगण में जीव दया फाउंडेशन के सहयोग से तरुण चेतना, प्रतापगढ़ द्वारा साड़ी, जूती एवं बच्चों के लिए ड्रेस वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान तरुण चेतना के निदेशक नसीम अंसारी ने संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था द्वारा 6 माह से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा एवं पोषण (न्यूट्रिशन) उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्था समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर मुसहर बस्ती के बच्चों को दो सेट ड्रेस, जूता-मोजा तथा उनकी माताओं को दो सेट साड़ी, जूती एवं स्लीपर वितरित किए गए। कुल 130 परिवारों को इस योजना का लाभ मिला, जिनमें दिशिनी, नेवादा, कंजा एवं ढिढुई गांव शामिल हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पट्टी के क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार रघुवंशी ने तरुण चेतना संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था गरीबों के प्रति समर्पित होकर उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों को अज्ञानता से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाती है और जीवन में सफलता की असली कुंजी है। श्री रघुवंशी ने मुसहर समुदाय के लोगों से बाल विवाह व बाल श्रम न करने की अपील की प्रधान संघ के अध्यक्ष इंद्रधर दुबे (छोटे दूबे) ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। कार्यक्रम का संचालन संस्था के उपनिदेशक श्याम शंकर शुक्ला ने किया। इस कार्यक्रम में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी संजय यादव, चौकी प्रभारी पृथ्वीगंज संदीप मौर्य, उप निरीक्षक रामचंद्र गुप्ता, हेड कांस्टेबल फिरोज सिद्दीकी, कांस्टेबल तौसीफ राजा, समाजसेवी सत्यम धर दुबे, प्रधानाध्यापक बालमुकुंद ओझा, अजय मिश्रा (हवलदार), अंकित मिश्रा, हकीम अंसारी, कमलेश बनवासी, सावित्री वनवासी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
