वाराणसी। रोटरी क्लब वाराणसी रॉयल्स, वाराणसी राउंड टेबल 196 एवं वाराणसी लेडीज़ सर्कल 129 के संयुक्त तत्वावधान में, द बेनारस क्लब लिमिटेड के सहयोग से रविवार को “वीमेन कार रैली 2026” का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस वर्ष रैली की थीम “वर्ल्ड पीस” रही, जिसमें प्रतिभागियों ने आकर्षक सजावट और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से शांति का संदेश दिया।
इस आयोजन में चेतमणि जेम्स एंड ज्वेल्स प्रा. लिमिटेड, स्किनक्लिन बाय डॉ. रिया पांडेय, शेपा ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस, बीएमडब्ल्यू, चिनाया बनारस एवं कृष्णा हुंडई का विशेष सहयोग रहा।
रैली का शुभारंभ पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने फ्लैग ऑफ कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। यह रैली “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना से ओतप्रोत है और महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करती है।
कार्यक्रम में रोटेरियन दिनेश गर्ग (डीजीएन, जिला 3120) ने कहा कि महिलाओं की यह रैली वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक और सराहनीय है।
इस अनूठी रैली में शहर की 64 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह पारंपरिक रेस से अलग ट्रेजर हंट आधारित रैली थी, जिसमें प्रतिभागियों को दिए गए क्लू हल करते हुए आगे बढ़ना था। इससे पूरे आयोजन में रोमांच, उत्साह और प्रतिस्पर्धा का विशेष माहौल बना रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए “वर्ल्ड पीस” थीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों ने अपने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से शांति का संदेश प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाया। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का संकेत बताया। साथ ही युवा प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और वरिष्ठ महिलाओं के उत्साह की विशेष प्रशंसा की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत डॉ. एन. पी. सिंह ने किया। प्रतियोगिता की जज अमृता बर्मन ने कहा कि महिलाओं ने जिस उत्साह और रचनात्मकता के साथ भाग लिया, वह प्रेरणादायक है।
प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। एकता पारीख प्रथम, शुभी जैन द्वितीय और सोनल अग्रवाल तृतीय विजेता रहीं। वहीं वैष्णवी गुप्ता को यंगेस्ट ड्राइवर और विभा सिंह को ओल्डेस्ट ड्राइवर का सम्मान मिला। इसके अतिरिक्त लगभग 10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन का नेतृत्व रोटरी क्लब वाराणसी रॉयल्स के प्रेसिडेंट वरुण मुंद्रा, सेक्रेटरी शशांक अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष कौशिक शेलट, वाराणसी राउंड टेबल 196 के चेयरमैन आशुतोष कुमार, सेक्रेटरी श्रीवत्स शाह एवं कोषाध्यक्ष डॉ. अंचित ठुकराल, तथा वाराणसी लेडीज़ सर्कल 129 की चेयरपर्सन आस्था अग्रवाल ने किया।
द बेनारस क्लब लिमिटेड की ओर से मानद सचिव नवीन कपूर एवं कोषाध्यक्ष गौरव दास ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताया। क्लब की ओर से अभिनव पांडेय, डॉ. एन.पी. सिंह, मनीष माहेश्वरी, निशांत नेवर एवं जयदीप सिंह का विशेष सहयोग रहा।
इस आयोजन में डॉ. रजत की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि रोटरी क्लब वाराणसी रॉयल्स के फास्ट चेयरमैन कुशाग्र अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन धवल प्रकाश एवं शुभी अग्रवाल ने किया।
रविन्द्र गुप्ता







