यूपी जौनपुर । जिला विद्युत समिति की बैठक माननीय सांसद जौनपुर बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। यूपी जौनपुर में मा0 अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्रम से किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि विद्युत विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के फोन में जनप्रतिनिधियों के नंबर फीड कर दिए गए हैं। जर्जर खंभों के सर्वे की कार्यवाही जारी है और विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तारों को हटाने की कार्रवाई भी प्रगति पर है।
विधायकगण ने अवगत कराया कि विधायक निधि के अंतर्गत अभी भी कुछ कार्य अवशेष हैं। इस पर मा0 अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि शेष कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं और जमीन संबंधी विवादों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारित किया जाए।
समिति ने विधानसभावार विद्युत संबंधी प्रस्तावित कार्यों की सूची मांगी, जिस पर मा0 अध्यक्ष ने विद्युत अधिकारियों को इसे समिति को उपलब्ध कराने के आदेश दिए। बार-बार जल रहे ट्रांसफार्मर और विलंब से समस्या निस्तारण की शिकायत पर मा0 अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और निर्देशित किया कि ऐसे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए।
बैठक में मा0 जनप्रतिनिधियों को पीएम सूर्य घर योजना और ओटीएस स्कीम की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्युत अधिकारियों ने बदलापुर, मछलीशहर, मल्हनी सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित सबस्टेशन और क्षमता वृद्धि वाले ट्रांसफार्मरों की जानकारी दी।
मा0 अध्यक्ष ने गर्मी के दृष्टिगत आवश्यक स्थानों पर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने, टेढ़े खंभों को ठीक करने और जर्जर तारों को बदलवाने, विजिलेंस की कार्यवाही व दर्ज एफआईआर के निस्तारण की जानकारी समिति को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों से संवाद कर किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न करने का भी निर्देश हुआ। स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की समस्या का निस्तारण और संबंधित मामलों में जाँच कराई जाएगी। विद्युत विभाग के कार्य पूर्ण होने पर जीओ टैग फोटो लगाना अनिवार्य होगा। रामपुर, गोपालापुर और आशापुर क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर लगाने के बाद भी विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं होने के मामलों की जाँच कराई जाएगी।
बैठक के दौरान मल्हनी के बेलसरी गांव और शाहगंज में शार्ट सर्किट से खेतों में आग लगने के प्रकरणों की समीक्षा की गई। मा0 अध्यक्ष ने जांच कर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने और विद्यालयों और घरों के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तारों की शिफ्टिंग हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
नलकूप विभाग की समीक्षा में अधिशासी अभियंता को शेष ट्यूबवेल विद्युतीकरण कार्य 15 दिन के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। सिंचाई विभाग की समीक्षा में नहरों की सफाई, आसपास झाड़ियों की कटाई और पक्की सड़क निर्माण पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
मा0 अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समय पर जवाब दें, मीटिंग से पहले एजेंडा उपलब्ध कराएँ और विद्युत विभाग के समस्त अधिशासी अभियंताओं को विधासभावार प्रस्तावित कार्यों की सूची एक हफ्ते में सभी मा0 जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने समिति को आश्वस्त किया कि मा0 अध्यक्ष द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय, विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक मछलीशहर डॉ. रागिनी सोनकर, विधायक मुंगराबादशाहपुर पंकज पटेल, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, चीफ इंजीनियर विद्युत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट - नरेंद्र शर्मा 151172645
