फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नगर के सिद्धेश्वर मंदिर में आयोजित होने वाली श्रीमद भागवत कथा से पूर्व शुक्रवार को पूरे शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
कलश यात्रा लालकुआं स्थित कांच वाले मंदिर से प्रारंभ होकर बिजली घर चौराहा, रामागंज मार्ग से होते हुए पुनः कथा स्थल सिद्धेश्वर मंदिर, बिजली घर चौराहे पर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान रथ पर विराजमान कथावाचक आचार्य मनीष कौशिक का नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
बैंड-बाजों और भक्ति संगीत की धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से यात्रा में शामिल रहीं। पूरे मार्ग में धार्मिक माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर स्थानीय पुलिस भी यात्रा के साथ मुस्तैदी से तैनात रही।
ज्ञात हो कि सिद्धेश्वर मंदिर, बिजली घर चौराहे पर 3 अप्रैल से श्री राम रसायन सेवा संस्थान के तत्वावधान में 8 दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह व्याप्त है।
इस अवसर पर आचार्य संजीव शास्त्री, आचार्य नीरज, आचार्य सोनू भारद्वाज, शास्त्री मोहित, सूर्यप्रकाश बंसल, अजय कौशिक, भारत गोयल, रोहित अग्रवाल, मनोज ओझा, मोहित अग्रवाल, सौरभ विर्दी, लकी शर्मा, अंकुर जिंदल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रिपोर्ट - सुनील कुमार151044750
