रुद्रपुर,
शहर के एक प्रतिष्ठित होटल के कमरे में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।मृतका की पहचान ज्योति शर्मा (उम्र लगभग 40 वर्ष) निवासी हनुमान मंदिर, लोदी रोड, नई दिल्ली के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्योति शर्मा अपने बिजनेस पार्टनर अमित, निवासी ग्राम जौनपुर, थाना फतेहपुर बेरी, जिला छतरपुर (दिल्ली) के साथ होटल में ठहरी हुई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पंतनगर पुलिस टीम तत्काल होटल पहुंची। पुलिस ने कमरे को सुरक्षित करते हुए विधिक कार्यवाही प्रारंभ की। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

वहीं पुलिस द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि मामले की विभिन्न पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। अभी तक मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और हर पहलू पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।