युवक की मौत पर बवाल, परिजनों ने बसपा नेता सहित तीन पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
गोंडा _____थाना क्षेत्र के कोल्हमपुर चौकी अंतर्गत शाहपुर गांव में बुधवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के एक बसपा नेता समेत तीन लोगों पर प्रताड़ित करने और धक्का देकर गिराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, शाहपुर निवासी मोहम्मद मुमताज की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई मोहम्मद अयाज उर्फ भोलू ने आरोप लगाया कि गांव के प्रधान प्रतिनिधि व बसपा नेता राजिक उस्मानी से उनके परिवार की लंबे समय से चुनावी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश और बसपा नेता की शय के चलते बुधवार दोपहर करीब 12 बजे मोहम्मद फिरोज और फहीमुलहक उस्मानी उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।
परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के दौरान आरोपियों ने मुमताज के साथ अभद्रता करते हुए उसे जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई और वह बेहोश हो गया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
मृतक के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त लोग पहले भी उन्हें लगातार प्रताड़ित करते रहे हैं और कई बार झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर चुके हैं।
वहीं, प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। रिपोर्ट पवन कुमार द्विवेदी गोंडा
