फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ के सण्डवा चँदिका ब्लॉक के कोल वजरडीह गांव निवासी होनहार युवक के उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में सफलता प्राप्त कर असिस्टेंट वाणिज्य कर कमिश्नर पद पर चयनित होने पर संत गाडगे जागरूकता मंच द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंच के पदाधिकारियों ने विशाल सरोज को अंगवस्त्र, बुके एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनकी सफलता को विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया। मंच के मार्गदर्शक राकेश कनौजिया ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक पड़ाव है, उनकी अंतिम मंजिल आईएएस बनना है। वहीं मंच के अध्यक्ष सुरेन्द्र विमल ने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं से समाज को सीख लेनी चाहिए और बच्चों को बिना दबाव के प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना चाहिए। कोषाध्यक्ष दिनेश ने चयन प्रक्रिया में आई चुनौतियों के बारे में जानकारी लेते हुए अन्य छात्रों को प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया। सम्मानित होने के बाद विशाल सरोज ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, भाई और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य आगे चलकर आईएएस बनना है और वह इसके लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। कार्यक्रम में सूरज कनौजिया, मोहित कनौजिया, अविनाश निर्मल, सन्दीप चौधरी, प्रताप चौधरी, भारत राम, विजय शंकर, संतोष चौधरी, अशोक चौधरी, शाश्वत विमल सहित समन्वय सेवा संस्थान के अध्यक्ष अवधेश सरोज समेत अनेक लोग उपस्थित रहे और शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान समारोह न केवल एक प्रतिभा का अभिनंदन था, बल्कि समाज में शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
