फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ की साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 24 शिकायतों में कुल ₹7,33,187.45 की धनराशि पीड़ितों को वापस कराई है। यह कार्रवाई , पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के कुशल निर्देशन में तथा साइबर नोडल अधिकारी (अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी) और सहायक नोडल अधिकारी (क्षेत्राधिकारी नगर) के निकट पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायतों और पीड़ितों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों की जांच के क्रम में साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की। टीम ने तकनीकी माध्यमों से ठगी गई धनराशि को ट्रेस कर संबंधित खातों में वापस कराया।इन मामलों में ठगी के प्रमुख तरीके यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड तथा अन्य ऑनलाइन माध्यम रहे। पुलिस की सक्रियता और समयबद्ध कार्रवाई के चलते पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है।धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने जनपदीय पुलिस, साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी पुलिस थाना/साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान की भरपाई की जा सके। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
