मथुरा। उत्तर प्रदेश रेलवे पुलिस (जीआरपी) और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार को मथुरा जंक्शन पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से कुल 22.208 किलोग्राम नाजायज गांजा बरामद किया है, जिसे तीन ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग में छिपाकर ले जाया जा रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6,50,000 रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी
फैजान (30 वर्ष) निवासी लाडवा, जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा इसके पास से 10.038 किग्रा गांजा मिला व आर्वती (काल्पनिक नाम, 20 वर्ष) निवासी सुंदरगढ़, ओडिशा इसके पास से 6.084 किग्रा गांजा बरामद हुआ एवं आयशा (काल्पनिक नाम, 20 वर्ष) निवासी सुंदरगढ़, ओडिशा इसके पास से 6.086 किग्रा गांजा मिला l पुलिस महानिदेशक (रेलवे) के निर्देशों और पुलिस अधीक्षक (रेलवे, आगरा) के मार्गदर्शन में अपराध की रोकथाम हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 2 ब्रिज के नीचे संदिग्ध अवस्था में खड़े इन तीनों व्यक्तियों को जीआरपी मथुरा, आरपीएफ मथुरा और आरपीएफ कोसीकलां की संयुक्त टीम ने धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा और अन्य राज्यों से गांजा लाकर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करते हैं। इस तस्करी से होने वाली कमाई का उपयोग वे अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए करते थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है। रिपोर्ट नन्द किशोर शर्मा 151170853
