मथुरा। धर्मनगरी के कोतवाली रोड स्थित एक दो मंजिला दुकान में आज सुबह भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। डोरी-रस्सी, पत्तल (दौना) और गिफ्ट आइटम्स की इस बड़ी दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली के ठीक सामने स्थित नरेन्द्र कुमार गुप्ता की दो मंजिला दुकान में सुबह अचानक आग की लपटें उठती देखी गईं। चूंकि दुकान में पत्तल, दौना और प्लास्टिक का सामान भारी मात्रा में मौजूद था, इसलिए आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन के आला अधिकारियों की मौजूदगी में घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत यह रही कि दमकल कर्मियों ने आग को आस-पास की अन्य दुकानों और रिहायशी इलाकों में फैलने से रोक लिया।
सुबह-सुबह हुई इस घटना की खबर मिलते ही स्थानीय व्यापारी और भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक दृष्टि में इसे शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राजस्व विभाग की टीम नुकसान के आकलन में जुट गई है। रिपोर्ट नन्द किशोर शर्मा 151170853

