मरदह (गाजीपुर)। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के मरदह थाना क्षेत्र में बुधवार का दिन हादसों भरा रहा। क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने हाईवे पर सुरक्षा और यातायात नियमों की पोल खोल दी है। पहली घटना में दो भारी वाहनों की भिड़ंत हुई, जबकि दूसरी घटना में गलत दिशा से आ रही कार ने एक परिवार को अपनी चपेट में ले लिया।
कैंथवली चट्टी के पास डंपर से टकराया गिट्टी लदा ट्रक
मिर्जापुर से गोरखपुर की ओर जा रहा गिट्टी लदा ट्रक केथवली चट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आगे चल रहे एक डंपर ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर उससे जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के केबिन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि बाराबंकी निवासी ट्रक चालक कृपाशंकर और खलासी इस हादसे में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे पर बिना रिफ्लेक्टर के अवैध रूप से खड़े भारी वाहन इन हादसों की मुख्य वजह बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
नवापुरा में गलत दिशा से आ रही कार ने ऑटो को मारी टक्कर, युवक घायल
दूसरी घटना नवापुरा गांव के पास हुई, जहाँ यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए गलत लेन में आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। ऑटो में प्रिंस यादव अपनी माता सीमा देवी और भाई आदित्य के साथ अपने ननिहाल मटेहू से वापस बक्सर स्थित घर लौट रहे थे।
हादसे में प्रिंस यादव लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी माँ को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मरदह पहुँचाया गया, जहाँ से प्रिंस की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोपी कार चालक मौके से भागने में सफल रहा।
प्रशासनिक स्थिति
इन घटनाओं को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि फोरलेन पर गलत दिशा में वाहन चलाना और लावारिस खड़े ट्रक मौत का कारण बन रहे हैं। इस संबंध में मरदह थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि फिलहाल इन घटनाओं के संबंध में थाने में कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। रिपोट - आर्यन सिंह 151176333
