फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक छतरी चौराहे के पास मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यावसायिक इमारत गुप्ता भवन की छत पर रखे जनरेटर में अचानक आग लग गई। इस इमारत में एचडीबी (HDB) फाइनेंस का कार्यालय संचालित होता है।तेज धूप और हवा के कारण आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि आसमान में दूर तक काला धुआं दिखाई देने लगा। इसे देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। घटना के समय फाइनेंस ऑफिस के भीतर कई कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे। जैसे ही आग की सूचना मिली, कार्यालय में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। इलाका बेहद व्यस्त और गलियां संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड को वहां तक पहुंचने और आग बुझाने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने जनरेटर में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया अग्निशमन अधिकारियों के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या जनरेटर का अत्यधिक गर्म होना हो सकता है। हालांकि, विभाग का कहना है कि आग के सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आग इतनी भीषण थी कि यदि समय पर काबू न पाया जाता, तो पूरी इमारत इसकी चपेट में आ सकती थी। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -15173981

