कन्नौज इन्दरगढ़ । विकास खंड हसेरन के अंतर्गत आने वाले ग्राम आदमपुर माखन में पिछले कई दिनों से सरकारी स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं, जिससे पूरा गांव रात के समय अंधेरे के आगोश में डूबा रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी सुध लेने नहीं आया है।
अंधेरे का फायदा उठा रहे शरारती तत्व
चौकी हसेरन और थाना इन्दरगढ़ क्षेत्र के इस गांव में मुख्य रास्तों की लाइटें बंद होने से राहगीरों और महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण चोरी और अन्य अप्रिय घटनाओं का डर भी बना रहता है।
सुधार के बदले 'सुविधा शुल्क' की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि जब भी किसी लाइनमैन या संबंधित कर्मचारी से इसे ठीक करने का आग्रह किया जाता है, तो वे इसे मुफ्त में ठीक करने के बजाय अवैध रूप से रुपयों की मांग करते हैं। बिना पैसे दिए काम करने से साफ मना कर दिया जाता है, जो कि सरकारी नियमों के विरुद्ध है।
प्रशासन से गुहार
गांव के जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द गांव की लाइटों को दुरुस्त कराया जाए और अवैध वसूली करने वाले कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीण प्रदर्शन को विवश होंगे। रिपोट - दीपक 151188461
