मूसेपुर जयसिंह गौशाला में गुणवत्ताहीन चारे से पशुओं की मौत, आपूर्ति ठेका रद्द
पीलीभीत के बरखेड़ा स्थित मूसेपुर जयसिंह गौशाला में पिछले 48 घंटों के भीतर 8 गोवंशों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को गौशाला परिसर में प्रदर्शन किया और चारा आपूर्ति करने वाली संस्था पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।ग्रामीणों और प्रधान प्रतिनिधि दिगंबर दयाल ने आरोप लगाया कि गौशाला में गोवंशों को गुणवत्ताहीन चारा दिया जा रहा था। उनके अनुसार, गेहूं के भूसे के बजाय चारे में सरसों के डंठल (तूरी) मिलाकर खिलाया जा रहा था, जिसके कारण पशु बीमार पड़ रहे थे। गोवंशों की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गौशाला पहुंचे और प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड विकास अधिकारी और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान गौशाला में अव्यवस्थाएं और कई बीमार पशु पाए गए। इसके बाद उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडे ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। एसडीएम नागेंद्र पांडे ने पशु चिकित्साधिकारी को बीमार गायों के तत्काल उपचार और मृत गोवंशों के शवों के उचित निस्तारण के निर्देश दिए। लापरवाही सामने आने के बाद एसडीएम ने खंड विकास अधिकारी को चारा आपूर्ति करने वाली संस्था का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश दिया। एसडीएम नागेंद्र पांडे ने बताया कि मामले की जांच के लिए वे स्वयं मौके पर गए थे, जहां कुछ गायें बीमार मिली हैं और गोवंशों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। उन्होंने लापरवाही को अक्षम्य बताया और कहा कि पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है, साथ ही दोषी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान 151173981
