फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। जिला गंगा समिति के तत्वाधान में मंगलवार को पावन सोरों घाट पर गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत भव्य जनजागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनमानस को मां गंगा की निर्मलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।अभियान की शुरुआत एक विशाल स्वच्छता रैली के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रमदान, गंगा शपथ ग्रहण, चित्रकला प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश प्रसारित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से गंगा को स्वच्छ रखने की शपथ ली।कार्यक्रम में श्रीमती द्रौपदी देवी जाजू बालिका इंटर कॉलेज (कासगंज) और एस.जी.एम. जूनियर हाई स्कूल (सोरों) के छात्र-छात्राओं सहित एनसीसी कैडेट्स ने सराहनीय भूमिका निभाई। एनसीसी कैडेट्स और छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें पर्यावरण और गंगा के महत्व को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।इस अवसर पर मुख्य रूप से महंत विदेहानंद महाराज (श्री वराह मंदिर),सुजीत कुमार (जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे), नरेश त्रिगुणायक (पुजारी), सोमवती शर्मा (प्रधानाचार्या एवं सदस्य, जिला गंगा समिति), हिंमाशू शर्मा (वरिष्ठ परियोजना अधिकारी) शामिल थे l जिला गंगा समिति के अधिकारियों ने बताया कि इस वृहद स्तर के श्रमदान अभियान का उद्देश्य न केवल घाट परिसर की सफाई करना है, बल्कि नागरिकों को इस महाअभियान का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करना भी है। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने गंगा के पारिस्थितिकी तंत्र को बचाने और प्रदूषण मुक्त भविष्य निर्माण पर जोर दिया। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069


