नवदिवसीय नवसंकल्प अभियान: बेटियों के नेतृत्व को मिल रहा अभूतपूर्व सम्मान, छठवें दिन कामिनी बघेल बनीं एक दिन की जिला पंचायत अध्यक्ष
मध्य प्रदेश भिंड चंबल की धरती पर महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल प्रस्तुत करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह भदौरिया द्वारा संचालित नवदिवसीय नवसंकल्प अभियान निरंतर प्रेरणादायी साबित हो रहा है। इसी क्रम में अभियान के छठवें दिवस पर कुमारी कामिनी बघेल, पुत्री श्रीमती रमा जसवंत सिंह बघेल, निवासी ग्राम ररुआ (तहसील रौन, भिंड) को एक दिन के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। जिला पंचायत कार्यालय पहुंचने पर कुमारी कामिनी बघेल को श्री नितिनदुबे (जिला परियोजना अधिकारी) एवं श्री इंद्रजीत दीक्षित (डीपीएम, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान) द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान एवं जिला पंचायत की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके पश्चात श्रीमती ममता शर्मा (बीपीएम, एनआरएलएम) के नेतृत्व में महिला समूहों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यभार संभालते ही कुमारी कामिनी बघेल ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक ली, जिसमें श्री हरिशचंद्र सूत्रकार (एसडीओ) उपस्थित रहे। बैठक के दौरान क्षेत्र में बन रही सड़कों एवं खराब सड़कों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। कुमारी कामिनी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयसीमा में पूर्ण किए जाएं एवं सड़कों पर मौजूद गड्ढों को शीघ्र भरा जाए। एसडीओ द्वारा जानकारी दी गई कि मोबाइल ऐप के माध्यम से चार दिनों में गड्ढे भरने का प्रावधान है, जिस पर कामिनी बघेल ने इस व्यवस्था के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। इसके उपरांत कुमारी कामिनी बघेल द्वारा जिला पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें उन्होंने साफ-सफाई, कार्यप्रणाली में सुधार एवं जनहितैषी वातावरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर देश के प्रसिद्ध पत्रकार श्री सौरभ द्विवेदी जी , बुंदेली भाषा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले वरिष्ठ पत्रकार श्री सचिन चौधरी जी तथा भिंड के विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाहा जी ने वीडियो कॉल के माध्यम से कुमारी कामिनी बघेल का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अभिनव पहल की सर्वत्र सराहना हो रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह भदौरिया का यह प्रयास न केवल बेटियों को नेतृत्व का अवसर प्रदान कर रहा है, बल्कि चंबल क्षेत्र की सामाजिक छवि को सकारात्मक दिशा में बदलने का कार्य भी कर रहा है। यह अभियान आने वाले समय में महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा। देखे कुंवर सिंह की रिपोट
20260324185040899135338.mp4
