फ़ास्ट न्यूज इण्डिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नगर निवासी एक दलित युवक द्वारा गैर समुदाय की एक नाबालिग किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। आरोपी पूर्व सभासद का पुत्र बताया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं पीड़ित परिजनों को आरोपी युवक के परिजनों ने एससीएसटी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी है। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और किशोरी की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मौहल्ला न्यू पाठक, आहार रोड निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर में बताया है कि 21 मार्च को ईद के दिन उसकी 15 वर्षीय पुत्री दोपहर लगभग 12 बजे ईद का सामान लेने बाजार गई थी। लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी नाबालिग पुत्री को मौहल्ला जटियान निवासी एक पूर्व सभासद का पुत्र अपने साथियों के साथ बहला-फुसलाकर ले गया है। परिजनों ने किशोरी के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी जताई है। आरोपी युवक कुछ समय पूर्व नगर में ही हुक्का बार चलाता था। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इतना ही नहीं, परिजनों का यह भी आरोप है कि नामजद आरोपी पक्ष के लोग मामले में कोई जानकारी देने से बच रहे हैं और उल्टा शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण स्थानीय लोगों में भी आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा नाबालिग किशोरी को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग की है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी व किशोरी की तलाश की जा रही है। जल्द ही किशोरी को बरामद कर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044750
