वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ब्रेथ ईजी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा दिनांक 22 मार्च 2026 (रविवार) को “ब्रेथ ईजी इमरजेंसी यूनिट” का भव्य शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर प्रमुख वाराणसी श्री अशोक तिवारी ने फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया।
इस नई इमरजेंसी यूनिट के माध्यम से अब मरीजों को एक ही छत के नीचे आपातकालीन चिकित्सा के साथ-साथ सम्पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी डॉ. राजेश प्रसाद, लाल बहादुर हॉस्पिटल रामनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिरीश चंद्र द्विवेदी तथा आईएमए वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें वाराणसी मेयर श्री अशोक तिवारी, डॉ. राजेश प्रसाद, डॉ. अनुराग टंडन, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एस.के. पाठक एवं ब्रेथ ईजी की निदेशिका डॉ. सुनीता पाठक ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
इस अवसर पर एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें कुल 672 लोगों को नि:शुल्क परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाओं का वितरण किया गया।
मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एस.के. पाठक ने बताया कि यह पहल विशेष रूप से उन मरीजों के लिए लाभकारी होगी, जिन्हें आपातकालीन इलाज के लिए अपने गांव या कस्बे से बाहर जाना पड़ता था। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल की प्रेरणा उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी प्रवास के दौरान मिली, जहां उन्होंने ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया था।
उन्होंने आगे बताया कि इस यूनिट में चेस्ट, मेडिसिन, बाल रोग, सर्जरी, हृदय रोग सहित अन्य बीमारियों का आधुनिक और विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य अतिथि श्री अशोक तिवारी ने ब्रेथ ईजी की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समय-समय पर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने डॉ. एस.के. पाठक को एक कुशल चिकित्सक और समाजसेवी बताते हुए उनकी पहल की प्रशंसा की।
इस स्वास्थ्य शिविर का संचालन डॉ. एस.के. पाठक (एमबीबीएस, एमडी) के नेतृत्व में हुआ, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें डॉ. स्वप्निल पाठक (श्वास एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ), डॉ. शिवांगी पाण्डेय (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. साक्षी पाठक (जनरल फिजिशियन), डॉ. आर.के. पटेल (बाल रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. ए.के. गुप्ता (गैस्ट्रो एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
ब्रेथ ईजी की निदेशिका डॉ. सुनीता पाठक ने बताया कि संस्था पिछले 18 वर्षों से पूर्वांचल में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मजबूत स्तंभ के रूप में कार्य कर रही है, जहां गंभीर मरीजों का इलाज कम समय और कम खर्च में संभव हो पाता है।
कार्यक्रम में ब्रेथ ईजी फाउंडेशन की पूरी टीम ने सक्रिय सहयोग किया, जिसमें डॉ. धीरेंद्र, डॉ. दिवाकर पांडे, सुनील उपाध्याय, अभिषेक केशरी, अश्विनी पाठक, पुरुषोत्तम, अशोक सिंह, राहुल, मनोज यादव, अमित पाठक और विनय सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
— फास्ट न्यूज इंडिया
