वाराणसी, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन श्री नृपेन्द्र द्वारा रविवार को थाना फूलपुर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक सहित थाने के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिस व्यवस्था, साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में सलामी गार्द का निरीक्षण किया गया तथा थाना परिसर का भ्रमण कर शस्त्रों के रख-रखाव, संचालन व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया। लावारिस वाहनों एवं मालों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए, साथ ही अभिलेखों एवं रजिस्टरों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त ने मालखाना, बंदीगृह, भोजनालय, आरक्षी आवास, बैरक, सीसीटीएनएस कक्ष एवं निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मिशन शक्ति केन्द्र एवं महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए महिला आरक्षियों को प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण पर नियमित फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यक्ष एप की फीडिंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
महोदय ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच से ही न्याय सुनिश्चित होता है और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहती है।
निरीक्षण के दौरान चौकीदारों को साफा देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने चौकीदारों को सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए उनकी सतर्कता एवं निष्ठा की सराहना की।
निरीक्षण उपरांत अपर पुलिस उपायुक्त द्वारा थाना फूलपुर क्षेत्र के कस्बा पिण्डरा में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई। इस दौरान आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई।
