फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनज़र जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता ने रविवार को थाना बाघराय पहुंचकर अर्दली रूम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने थाने पर तैनात समस्त विवेचकगणों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। अर्दली रूम में सीओ सदर ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी विवेचक अपने-अपने प्रकरणों में साक्ष्य संकलन को मजबूत करें और निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी विवेचना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में विधिक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, जिससे पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार अपनाने की हिदायत देते हुए कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका त्वरित समाधान किया जाए। सीओ सदर ने पुलिस बल को अनुशासन, पेशेवर दक्षता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए टीमवर्क और समर्पण अत्यंत आवश्यक है। इसके अतिरिक्त “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अर्दली रूम के दौरान थाने की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा अपराध नियंत्रण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
