वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स ग्राउंड में आज दिनांक 21 मार्च 2026 को फुटबॉल नर्सरी की नर्सरी सीनियर एवं नर्सरी जूनियर महिला टीमों के बीच एक रोमांचक फुटबॉल मैच खेला गया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों की शानदार खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में फुटबॉल प्रशिक्षक भैरव दत्त एवं जनसम्पर्क अधिकारी राजेश कुमार ने मुख्य अतिथि मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं महासचिव, बरेका खेलकूद संघ अनुराग कुमार गुप्ता को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने सभी महिला खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। खेल के दौरान दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, किंतु नर्सरी जूनियर टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए नर्सरी सीनियर टीम को 2–0 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। नर्सरी जूनियर टीम की ओर से कुमारी कोमल एवं कुमारी महक सिंह ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैच के दौरान मैदान में उपस्थित दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया, जिससे पूरे मैदान में खेल का रोमांच और भी बढ़ गया। इस अवसर पर जन सम्पर्क अधिकारी राजेश कुमार, बरेका इंटर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. आई. सी. शर्मा, पंकज पाण्डेय, मनमीत सिंह, अनिल राय सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे। रविन्द्र गुप्ता 151009219
