पीलीभीत जनपद में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। पूरनपुर, बीसलपुर, कलीनगर, शेरपुर कलां, गोरा रायपुर, बिचपुरी, केसरपुर कलां सहित पूरे जिले में सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए कपड़े पहनकर ईद की नमाज़ अदा की और देश व समाज में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
सुबह के समय ईदगाहों में विशेष इंतजाम किए गए थे। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ‘ईद मुबारक’ कहा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां एक ओर छोटे बच्चे ईदी पाने को लेकर खुश नजर आए, वहीं बाजारों में भी रौनक बनी रही।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार इलाके में गश्त करते रहे, जिससे कहीं भी कोई अव्यवस्था न हो। शांति और सौहार्द के साथ त्योहार संपन्न होने पर प्रशासन ने भी संतोष जताया।
गांवों से लेकर कस्बों तक हर जगह ईद का उत्सव देखने लायक रहा। घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए गए और लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मिठास बांटी। इस मौके पर सभी धर्मों के लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर सामाजिक एकता की मिसाल पेश की। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
