वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से तीन दिवसीय ध्यान कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
बरेका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए हर दिन एक घंटे का तीन दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिन प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में "हार्टफुलनेस मेडिटेशन प्रोग्राम" आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम कर्मचारियों के समग्र कल्याण, स्वस्थ कार्य वातावरण के निर्माण तथा तनावमुक्त जीवन शैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह कार्यक्रम हार्टफुलनेस संस्था न, वाराणसी के सहयोग से आयोजित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि यह संस्था विश्व के 160 देशों में कार्यान्वित हैं, जहां नि:शुल्क ध्यान योग की शिक्षाएं प्रदान की जाती है ।
ध्यान कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय आर्थिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं हार्टफुलनेस संस्थान के ट्रेनर आर.पी. मिश्रा तथा सनबीम वरुणा, वाराणसी की पूर्व प्रोफेसर एवं ट्रेनर शोभिता श्रीवास्तव ने तनाव प्रबंधन पर चर्चा करते हुए बताया कि क्रोध, तनाव जैसे नकारात्मक भावनाओं पर नियंत्रण कैसे प्राप्त किया जा सकता है और अपने दैनिक जीवन में हार्टफुलनेस टूल्स के माध्यम से शांति और प्रसन्नता को पुनः कैसे कायम किया जा सकता है, इसमें ध्यान की महत्वपूर्ण भूमिका है।कार्यक्रम में शिथिलीकरण शोभिता श्रीवास्तव द्वारा कराया गया।
सत्र के दौरान बताया गया कि हार्टफुलनेस एक ध्यान पद्धति है, जो पारंपरिक राजयोग पर आधारित है तथा इसे आधुनिक जीवन शैली के अनुरूप विकसित किया गया है। इसके प्रमुख चरण - विश्राम, ध्यान, शुद्धिकरण तथा प्रार्थना है। नियमित ध्यान अभ्यास से मानसिक तनाव में कमी, एकाग्रता में वृद्धि, भावनात्मक संतुलन तथा समग्र स्वास्थ्य में सुधार होता है।
इस दौरान कर्मचारियों को ध्यान का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया तथा तनाव से मुक्ति के प्रभावी उपायों के बारे में जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि लगातार तनाव का मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, जबकि नियमित ध्यान अभ्यास मानसिक शांति प्रदान करता है, रक्तचाप को नियंत्रित करने में सहायक होता है, नींद की गुणवत्ता सुधारता है तथा कार्यक्षमता बढ़ाता है।
व्यावहारिक सत्र के पश्चात कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि ध्यान करने से उन्हें तत्काल मानसिक शांति, हल्केपन की अनुभूति तथा सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुख्य यांत्रिक इंजीनियर-उत्पादन एवं विपणन सुनील कुमार, सहायक वित्त सलाहकार रमाशंकर जायसवाल एवं ट्रेनर संतोष पाठक सहित काफी संख्या में बरेका कर्मचारियों के साथ-साथ महिला कर्मियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही ।। रविन्द्र गुप्ता
