दो पक्षों के विवाद में चली थीं गोलियां, अब तक 5 गिरफ्तार; फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंभीरपुर में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पांच अन्य फरार अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। घटना 14 मार्च 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है, जब गंभीरपुर स्थित मस्जिद के पास दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई थी। इस दौरान दोनों पक्षों के कुछ लोग मोटरसाइकिल से पहुंचे थे और विवाद बढ़ने पर एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में अजमत अली उर्फ शोएब और रणजीत सिंह उर्फ मेजर घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था।इस मामले में थाना रानीगंज में दोनों पक्षों के 10 नामजद और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कई टीमों का गठन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल व क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में थाना रानीगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजमत अली उर्फ शोएब, रणजीत सिंह उर्फ मेजर तथा मोहम्मद शादाब अली को गिरफ्तार किया। इनमें दो अभियुक्तों को इलाज के बाद अस्पताल से हिरासत में लिया गया, जबकि एक को दादूपुर रेलवे स्टेशन पुलिया के पास से पकड़ा गया। पुलिस इससे पहले अमरेश त्रिपाठी उर्फ टिंकू और राज सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, घटना में शामिल पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। सभी फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद था, जो घटना के दिन आमने-सामने आने पर हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अवैध असलहों का भी प्रयोग किया गया है और घटना की पूरी साजिश व अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
