भिंड से कपिल त्रिपाठी की रिपोर्ट
8770563283
जमीन के बंटबारे के लालच में भाई बना कातिल:
मृतक के भाई नाबालिग ने दोस्त संग रची साजिश,
गोली मारकर की थी बड़े भाई की हत्या,
100 सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर खुला राज।
भिंड जिले में चार दिन पहले जामपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस ब्लाइंड मर्डर को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि मृतक का नाबालिग छोटा भाई ही निकला। उसने अपने 19 वर्षीय दोस्त अमन खान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 315 बोर के दो कट्टे जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार चंदुपुरा गांव निवासी 24 वर्षीय कृष्णकांत पराशर का शव चार दिन पहले जामपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे पटरी के किनारे मिला था। युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी डॉ. असित यादव ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वहीं हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष जांच टीम गठित की गई थी। टीम ने अपने खुफिया तंत्र और मुखबिरों को सक्रिय करते हुए मृतक के घर पहुंचकर परिजनों और मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक के पिता ने कुछ दिन पहले अपनी जमीन बेची थी और उस जमीन के पैसों का बंटवारा होना था। दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूछताछ में पुलिस को मृतक के नाबालिग भाई पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसकी कॉल डिटेल खंगाली और घटना स्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान दीनपुरा गांव के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दो युवक बाइक पर जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान मृतक के परिजनों से कराई, जिसमें एक युवक मृतक का नाबालिग भाई और दूसरा उसका दोस्त अमन खान निकला।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जमीन के बंटवारे के विवाद को सुलझाने के बहाने कृष्णकांत को जामपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास बुलाया था। वहां पहले से रची गई साजिश के तहत 315 बोर के कट्टे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी बिरंगवा रोड की ओर भागने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया है।
इस घटना ने खून के रिश्ते को तार-तार कर दिया, जहां जमीन के लालच में एक भाई ने ही अपने सगे भाई की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। देखे भिंड से कपिल त्रिपाठी की रिपोर्ट
विजुअल
बाइट-रविंद्र वास्कले एसडीओपी

20260316145532020174116.mp4
