गाजीपुर । जनपद में सिंचाई विभाग के पास स्थित एक ब्रांडेड सैलून और उसी बिल्डिंग के प्रथम तल पर संचालित ब्रांडेड सूट - साड़ी के शोरूम को लेकर मकान मालिक और किरायेदार के बीच चल रहा , विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है । जबकि मामला इस कदर बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच आए दिन कहासुनी, मारपीट और कोतवाली तक शिकायतों का सिलसिला शुरू हो गया है । जानकारी के अनुसार , कुछ वर्ष पहले कुछ युवाओं ने उक्त भवन के मकान मालिक से विधिवत एग्रीमेंट कर दुकान किराये पर ली थी । दोनों शोरूम को आधुनिक रूप देने के लिए किरायेदारों द्वारा लगभग 30 लाख रुपये खर्च कर इंटीरियर और अन्य व्यवस्थाएं कराई गई थीं । शुरुआती महीनों में कारोबार अच्छी तरह चलता रहा , लेकिन बाद में मकान मालिक और किरायेदारों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव शुरू हो गया । बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद मकान मालिक द्वारा दुकान खाली कराने का दबाव बनाया जाने लगा । आरोप है कि इसी क्रम में 11 मार्च की सुबह जब दुकान खोली जा रही थी , तभी मकान मालिक पक्ष के दो महिलाएं और चार पुरुष अचानक शोरूम में घुस आए । आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद एक महिला कर्मचारी के साथ मारपीट की और शोरूम में रखे सामानों में तोड़फोड़ की । किरायेदार पक्ष का आरोप है कि इसके बाद दुकान का शटर बंद कर दिया गया और अंदर रखी कीमती साड़ियां , सूट और लहंगे सहित अन्य सामान को बोरों में भरकर निकाल लिया गया । बताया जा रहा है कि शोरूम के अंदर से एक दरवाजा मकान मालिक के घर की ओर भी खुलता है , जिसे तोड़कर सामान ले जाने का आरोप लगाया गया है । इस पूरी घटना का एक वीडियो क्लिप भी सामने आने की बात कही जा रही है , जिसमें कथित तौर पर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना दिखाई दे रही है । वहीं दूसरी ओर मकान मालिक पक्ष भी किरायेदारों पर विभिन्न आरोप लगाते हुए कोतवाली पहुंच गया है । दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी दलीलें दी जा रही हैं, जिससे मामला और उलझ गया है । स्थानीय लोगों का कहना है कि जब कोई व्यक्ति किसी व्यवसाय की शुरुआत करता है , तो उसमें बड़ी पूंजी और मेहनत लगती है । ऐसे में यदि मकान मालिक और किरायेदार के बीच कोई विवाद उत्पन्न होता है , तो उसका समाधान कानूनी प्रक्रिया और एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार ही होना चाहिए । इस पूरे मामले को लेकर किरायेदार पक्ष ने शासन- प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है । उनका कहना है कि दोनों पक्षों को सुनते हुए , न्यायोचित निर्णय लिया जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से पहले ही विवाद का शांतिपूर्ण समाधान हो सके । फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं ।
रिपोट - सुजीत कुमार सिंह 151164525

