फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार देर रात न्यूरिया थाना क्षेत्र में जिला खनन अधिकारी सुभाष सिंह को सूचना मिली कि क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद उन्होंने सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नताशा गोयल सहित पुलिस टीम के साथ संयुक्त छापेमारी की। टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। उस दौरान अवैध खनन कार्य चल रहा था। टीम को देखते ही कई लोग वाहनों को छोड़कर भाग गए, लेकिन तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया गया। इन वाहनों को संबंधित थाने में सौंप दिया गया है। खनन अधिकारी सुभाष सिंह ने बताया कि मौके की जांच पूरी की गई है और राजस्व टीम से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद जब्त सामग्री के मूल्यांकन के आधार पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन करने वालों के खिलाफ न केवल भारी जुर्माना, बल्कि कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसी गतिविधियों पर अब सख्ती से नकेल कसी जाएगी। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
