मऊ। पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और संगठनात्मक मजबूती को लेकर राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत द्वारा 23 मार्च को एक भव्य पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह एक दिवसीय पूर्वांचल पत्रकार सम्मेलन मऊ शहर के हिन्दी भवन में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न जिलों से पत्रकार और संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। इस संबंध में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सिंह चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधान कार्यालय मधुबन में राष्ट्रीय सचिव मुरली मनोहर पांडेय के साथ विस्तृत चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया है। सम्मेलन की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी राष्ट्रीय सचिव मुरली मनोहर पांडेय के नेतृत्व में की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पूर्वांचल पत्रकार सम्मेलन में पूर्वांचल क्षेत्र के सभी जनपदों के पदाधिकारी और पत्रकारों को सादर आमंत्रित किया गया है। साथ ही राष्ट्रीय कमेटी और प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों की उपस्थिति को अनिवार्य किया गया है, जिससे संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन पत्रकारों की समस्याओं, उनके अधिकारों और संगठन की आगामी रणनीतियों पर चर्चा के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की चुनौतियों और पत्रकारों की सुरक्षा जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस विशाल पत्रकार सम्मेलन में मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के पदाधिकारी भी शामिल होंगे, जिससे यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर का रूप ले सकता है। आयोजकों ने सभी पत्रकार साथियों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। रिपोट - विजय कुमार 151170915
