फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी इटावा, 09 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य माननीय श्रीमती पूनम द्विवेदी ने ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026’ के उपलक्ष्य में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित कर पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना।
जनसुनवाई के दौरान कुल 07 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश मामले महिला उत्पीड़न तथा पुलिस विभाग से संबंधित थे। मा० सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त सभी प्रकरणों का निस्तारण 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिससे महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाया जा सके।
मा० सदस्य ने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारियों का दायित्व है कि वे महिलाओं एवं बालिकाओं की छोटी-बड़ी शिकायतों को गंभीरता से लें और त्वरित कार्रवाई कर न्याय दिलाना सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ित महिलाओं को न्याय के लिए भटकना न पड़े और उनका मान-सम्मान सुरक्षित रहे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर संचालित कर रही है। यदि किसी महिला या बालिका के सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जाता है तो वे निःसंकोच इन टोल फ्री नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकती हैं। यदि समय पर न्याय नहीं मिलता है तो वे राज्य महिला आयोग में भी शिकायत कर सकती हैं।
इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर 04 बालिकाओं का बाल विवाह रुकवाने में सहयोग करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक के दौरान मा० सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभागों के पूर्व कार्यों की जानकारी लिखित रूप में लेकर आएं और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक अवश्य पहुंचाएं।
इस मौके पर सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पीड़ित महिलाएं उपस्थित रहीं। रिपोर्टर: शिवम् कुमार गोस्वामी 151161313
