फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के रजवाड़ी गांव स्थित हवाई पट्टी के पास रविवार को गोवंश तस्करी का मामला सामने आया। अज्ञात तस्कर एक पिकअप मैजिक वाहन में चार गोवंशों को क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर वाहन पर पड़ गई। ग्रामीणों को आता देख चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना चौबेपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पशु चिकित्सा अधिकारी को बुलाया गया। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. वर्मा ने मौके पर पहुंचकर गोवंशों का परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि एक गोवंश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक नर गोवंश सांड गंभीर रूप से घायल मिला, जिसका प्राथमिक उपचार किया गया।अन्य दो गोवंश सुरक्षित पाए गए। घायल गोवंश को उपचार के बाद अन्य दो गोवंशों के साथ गो आश्रय स्थल भेज दिया गया।थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि गोवंशों से भरे पिकअप वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
