वाराणसी । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को भारतीय जन क्रांति परिषद ‘आस्था’, वाराणसी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही प्रतिभाशाली महिलाओं को “सशक्त महिला सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम संतुष्टि नर्सिंग कॉलेज के प्रांगण में आयोजित किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथि एवं महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्घाटन स्वामी कन्हैया महाराज जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर, चित्रकार, प्रोफेसर, मेकअप आर्टिस्ट, ज्योतिषाचार्य, स्पेशल एजुकेटर, महिला उद्यमी एवं स्पिरिचुअल लाइफ कोच जैसे विविध क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिभाशाली महिलाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सम्प्रदा गंगवार (संस्थापक – स्वयंसाध्या वेलनेस सेंटर, वाराणसी) द्वारा की गई। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए एक संक्षिप्त “स्वयंसिद्धा” सत्र भी आयोजित किया, जिसमें उन्होंने आत्म-जागरूकता, सकारात्मक सोच और ध्यान की बारीकियों के बारे में जानकारी देते हुए ध्यान का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. ऋतु गर्ग ने सम्मानित महिलाओं को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं डॉ. प्रतिभा सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण तथा समाज में उनकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संचालन नमित कुमार सिंह द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ, जिसने समाज में महिलाओं के योगदान और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने का संदेश दिया। रविन्द्र गुप्ता 151009219
