फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी प्रतापगढ़। कंधई बाजार में होली के दिन युवकों की पिटाई के मामले में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कंधई थाने पर तैनात दरोगा असलम खान और सिपाही अरशद खान को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं पूरे प्रकरण की जांच सीओ पट्टी मनोज रघुवंशी को सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार होली के दिन कंधई बाजार में कुछ युवक रंग खेल रहे थे। इसी दौरान पास स्थित मस्जिद की ओर गलती से रंग की कुछ बूंदें चली गईं। इस घटना के बाद पुलिस ने होली खेल रहे युवक आदर्श मोदनवाल और शीतला प्रजापति को थाने ले जाकर कथित रूप से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना की जानकारी जब स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों को हुई तो मामला तूल पकड़ गया। इस पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया और जांच के आदेश दे दिए। उधर सदर विधायक राजेंद्र मौर्य ने भी पुलिस अधीक्षक से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट विशाल रावत डिस्ट्रिक ब्यूरो चीफ प्रतापगढ़ 151019049
