खेरागढ़। होली पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में जुआ खेलने की बढ़ती शिकायतों के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम चीत-सोन के जंगल क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार मौके से 11,240 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते तथा एक सफेद गमछा बरामद किया गया है। वहीं कार्रवाई के दौरान पांच अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
बताया गया कि प्रीता सिंह के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खेरागढ़ थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चीत-सोन गांव के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छह जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
