फ़ास्ट न्यूज इंडिया बुलंदशहर। जहांगीराबाद नगर से जुड़े गांव चचरई में आस्था और लोक संस्कृति के प्रतीक ‘बाबरे बाबा’ का ऐतिहासिक तीन दिवसीय मेला मंगलवार यानि आज से शुरू हो गया है। मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
होली के पावन पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाला यह प्राचीन मेला क्षेत्रवासियों के लिए विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि बाबरे बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।
मेला कमेटी और ग्राम पंचायत द्वारा इस बार और बेहतर व्यवस्था की गई है। मेले में बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें और पारंपरिक पकवानों के स्टॉल सज गए हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं तथा स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात की गई है।
गांव के बुजुर्गों के अनुसार यह मेला सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक है, जो आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित होता है। मेला तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें जनपद बुलंदशहर सहित आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस मेले के लिए पहली बार स्थानीय पालिका अध्यक्ष किशनपाल लोधी ने पानी का जिम्मा उठाने का निर्णय लिया है। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044750
