मथुरा । थाना मगोर्रा पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूटा गया मोबाइल व मोटरसाइकिल की चाबी तथा एक चोरी की बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 28 फरवरी 2026 को मकेरा पुलिया के पास से वादी का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी लूटकर आरोपी फरार हो गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर 1 मार्च 2026 की रात करीब 22:40 बजे सौंख-गोवर्धन रोड स्थित अक्खा (माइनर) पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चली गोली उसके बाएं पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल अभियुक्त को नियमानुसार उपचार के लिए जिला चिकित्सालय मथुरा भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कुलदीप पुत्र इन्द्रपाल, निवासी अंडला थाना खैर, जिला अलीगढ़, उम्र करीब 29 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन व मोटरसाइकिल की चाबी तथा एक चोरी की हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना मगोर्रा में मु0अ0सं0 67/26 धारा 309(4), 351(2), 317(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 70/26 धारा 317(5), 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा प्रकरण में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट नन्द किशोर शर्मा 151170853
