फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड ऊधमसिंहनगर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी थाना और कोतवाली क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य आगामी होली के त्योहार को सुरक्षित संपन्न कराना और रमजान माह के दौरान क्षेत्र में शांति व आपसी भाईचारा बनाए रखना है। पुलिस प्रशासन ने सभी धर्मों और वर्गों के लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा है।
सितारगंज में क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तहसील, नगर पालिका और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। खटीमा की बाजार चौकी, पुलभट्टा और ट्रांजिट कैंप में भी अमन कमेटी की बैठकें हुईं, जहां लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की गई। जसपुर में उपजिलाधिकारी राहुल साह की मौजूदगी में हुई बैठक में त्योहार के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं पर चर्चा हुई और प्रशासन ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। काशीपुर में भी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर शांति व्यवस्था पर रणनीति बनाई गई।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि होली के दौरान नशे में वाहन न चलाएं, किसी के साथ जबरदस्ती रंग न खेलें और महिलाओं व बुजुर्गों का सम्मान करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी नागरिकों से प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया है। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804
