अवैध शराब बिक्री पर पुलिस
–आबकारी की संयुक्त कार्रवाई, कई दुकानों का औचक निरीक्षण
ओवररेटिंग पर शिकंजा: कोहंडौर थाना क्षेत्र में शराब दुकानों की जांच
कोहंडौर में अवैध शराब बिक्री पर कसा शिकंजा, जारी रहेगा अभियान
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी कोहंडौर, प्रतापगढ़। अवैध मदिरा की बिक्री एवं ओवररेटिंग पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत सोमवार को थाना कोहंडौर प्रभारी धनंजय राय के नेतृत्व में आबकारी विभाग के निरीक्षक के साथ संयुक्त टीम गठित कर थाना क्षेत्र में स्थित विभिन्न देशी एवं अंग्रेजी शराब की दुकानों पर सघन निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कांधरपुर स्थित देशी एवं अंग्रेजी शराब की दुकान, धरौली मधुपुर स्थित देशी एवं अंग्रेजी शराब की दुकान तथा कोहंडौर स्थित देशी शराब ठेका का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस, विक्रय रजिस्टर, एमआरपी सूची, बारकोड मिलान, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का गहन परीक्षण किया गया। पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी दशा में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब की बिक्री न की जाए।साथ ही अवैध मदिरा के भंडारण अथवा विक्रय में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई। दुकानों के बाहर मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने, ग्राहकों के साथ शालीन व्यवहार रखने तथा सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। थाना प्रभारी धनंजय राय ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या ओवररेटिंग की शिकायत हो तो तत्काल पुलिस अथवा आबकारी विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
