फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य ने जानकारी दी कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य तथा जागरुकता एवं सामुदायिक जुड़ाव हेतु कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योजना के तहत 50 पात्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क मोतियाबिंद नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर हेतु रूपये 2.50 लाख तथा स्वास्थ्य और चिकित्सा शिविर के लिये रूपये 0.50 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी प्रकार योजना के श्रेणी 03 के अन्तर्गत जागरुकता एवं सामाजिक जुड़ाव अन्तर्गत उत्पादक वृद्धावस्था गतिविधियों हेतु रूपये 1 लाख, संवेदीकरण और जागरुकता हेतु रुपये 0.50 लाख, अन्तर-पीढ़ीगत जुड़ाव गतिविधियों हेतु रूपये 0.60 लाख एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए कार्यक्रम हेतु रूपये 1 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 के अंतर्गत पंजीकृत पात्र गैर-सरकारी संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। संस्थाओं का चयन राज्य कार्ययोजना के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद स्तरीय वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के माध्यम से किया जाएगा। उन्होने बताया है कि इच्छुक संस्थाएं अपने प्रस्ताव आवश्यक प्रमाणपत्रों सहित 28 फरवरी को अपरान्ह 4 बजे तक कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रतापगढ़ (विकास भवन, द्वितीय तल, कक्ष संख्या 45) में सीलबंद लिफाफे में स्वयं या पंजीकृत डाक से जमा कर सकती हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा। विस्तृत जानकारी कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस में प्राप्त की जा सकती है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
