फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया हिमाचल प्रदेश शिमला। आज हिमाचल सेब उत्पादक संघ के कोटखाई ब्लॉक का प्रथम सम्मेलन खनेटी, कोटखाई में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। सम्मेलन कोटखाई क्षेत्र के विभिन्न गांवों से प्रतिनिधियों के साथ राज्य कमेटी सदस्य संजय चौहान सहित रोहड़ू इकाई से रमन थरटा तथा जुब्बल इकाई से जय सिंह जैहटा और संजय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन में भूमि से बेदखली से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई और भविष्य की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने सेब उत्पादकों के अधिकारों की रक्षा हेतु संगठित एवं चरणबद्ध आंदोलन की आवश्यकता पर बल दिया। ये आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक कि सरकार उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुसार सरकार ज़मीन देने के लिए नीति नहीं बनाती है।
इसके साथ ही केंद्र सरकार द्वारा अतिरिक्त न्यूजीलैंड व यूरोपियन यूनियन से किए गए मुक्त व्यापार समझौता (FTA) तथा अमेरिका से की जा रही ट्रेड डील से सेब की खेती को पैदा खतरों, बिजली संशोधन बिल, 2025 व स्मार्ट मीटर, मनरेगा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई तथा सरकार की इन किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर 23 सदस्यीय ब्लॉक स्तरीय कमेटी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। नवीन कार्यकारिणी में जितेन्द्र रतनैइक (रिंकू) को प्रधान, प्रकाश धीरटा एवं रिशी लाल को उप प्रधान, चांद राम को संयुक्त सचिव, राकेश मैहता को सचिव तथा राजेश धर्मा को कोषाध्यक्ष व निशांत रोंटा को सह सचिव चुना गया।
कार्यकारिणी सदस्यों में फागणू राम, यशपाल खिख्टा, मेघराम, देवेन्द्र सिंह (शीरा), चेतराम, मोहन सिंह, विजय थमोना, चांद राम, प्रकाश धीरटा, गुलाब पंवार, मदन चैइटा, यशपाल नेक्टा, हरीश गुप्ता एवं बिट्टू चैइंटा. को सर्वसम्मति से शामिल किया गया। इसके साथ ही 27 व 28 फरवरी, 2025 को शिमला में होने जा रहे जिला सम्मेलन के लिए 10 प्रतिनिधियों का भी चयन किया गया। सम्मेलन का समापन संगठन को और मजबूत करने के लिए गांव स्तर की कमेटियों का गठन करने का कार्य प्राथमिकता से करने तथा बागवानों की समस्याओं के समाधान हेतु एकजुट होकर कार्य करने का निर्णय लिया गया। प्रदीप 151109037
