रामपुर, 23 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के दूसरे कार्यकाल के बजट से प्रदेश की आंगनबाड़ी कर्मचारी निराश नजर आ रही हैं। उनका कहना है कि इस बार भी मानदेय में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की गई, जिससे उनकी होली फीकी पड़ गई है।
रामपुर जिले में 23 फरवरी 2026 को अंबेडकर पार्क में आंगनबाड़ी कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष मिथिलेश चौधरी ने कहा कि सरकार ने आंगनबाड़ी बहनों के साथ वादा खिलाफी की है। उन्होंने बताया कि बजट सत्र के दौरान माननीय मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी, आशा, शिक्षामित्र और अनुदेशकों का नाम लेते हुए मानदेय बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन बजट में आंगनबाड़ी कर्मचारियों के मानदेय में एक पैसे की भी वृद्धि नहीं की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लगातार जिम्मेदारियां बढ़ती जा रही हैं, लेकिन मानदेय में कोई सम्मानजनक बढ़ोतरी नहीं हो रही है। इससे कर्मचारियों में निराशा और रोष व्याप्त है। 20 फरवरी 2026 को विधानसभा का बजट सत्र समाप्त हो गया, लेकिन आंगनबाड़ी बहनों की झोली एक बार फिर खाली रह गई।
संगठन ने घोषणा की कि 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचकर आंदोलन को तेज किया जाएगा। प्रदेश की सभी आंगनबाड़ी कर्मचारियों से लखनऊ कूच में शामिल होने की अपील की गई है।
बैठक में समीना वी., कमलेश गंगवार, संगीता रस्तोगी, सुषमा रानी, छवि राय, अनीता, मंजू, सोमवती, निर्मला, सीमा राठौर, पूनम सागर, रिंकी, साक्षी राय, कविता रानी, सुषमा सहित जिले की अन्य पदाधिकारी एवं आंगनबाड़ी कर्मचारी उपस्थित रहीं।
