फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मोसमपुर तबालपुर में शनिवार देर रात्रि दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में परिजन पहले जिला अस्पताल और फिर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।
जानकारी के अनुसार मृतका सुख देवी पत्नी कालीचरण निवासी मोसमपुर तबालपुर शनिवार शाम करीब छह बजे गांव के समीप सड़क पार कर रही थीं। तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतका के बेटे संजू ने बताया कि दुर्घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अलीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन हजारा नहर के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भिजवा दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार चालक की तलाश जारी है। मृतिका के एक बेटा और एक बेटी विवाहित है। जबकि बबलू 22 वर्ष, राकेश 20 वर्ष, भूपेंद्र 18 वर्ष, बेटी गुड़िया 15वर्ष, प्रेम सिंह 13 वर्ष है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
