माधव टांडा के फुलहर तालाब में सैकड़ों अनुयायियों ने की श्रमदान सेवा, ‘स्वच्छ जल–स्वच्छ मन’ का दिया संदेश
पीलीभीत के कलीनगर जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में संत निरंकारी मिशन ने प्रोजेक्ट अमृत के चौथे चरण के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गोमती उद्गम स्थल माधव टांडा में विशाल सफाई अभियान चलाया। स्वच्छ जल–स्वच्छ मन थीम पर आधारित यह अभियान 22 फरवरी को प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मिशन के अनुयायियों ने श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशानुसार यह अभियान पूरे भारत में लगभग 1500 स्थानों पर एक साथ चलाया गया, जिसमें नदियों, तालाबों, कुओं और झीलों की सफाई की गई। इसी क्रम में जनपद पीलीभीत की तहसील कलीनगर स्थित गोमती उद्गम स्थल, जो जिले के प्रमुख पर्यटक स्थलों में शामिल है, वहां फुलहर नामक तालाब के चारों ओर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन मिशन के जोनल इंचार्ज प्रतिपाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। पूरनपुर, मटेहना, माधव टांडा सहित विभिन्न स्थानों से आए अनुयायियों—राजीव गुप्ता, अनिल गुप्ता, शिशुपाल, रामआसरे, जोगा सिंह, रामनिवास कश्यप, राजकुमार श्रीवास्तव, प्रीति गोयल, के.एस. पटेल सहित अनेक ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
सफाई अभियान के उपरांत विशेष सत्संग का आयोजन भी किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता गुरदयाल सिंह ने अपने प्रवचनों में कहा कि “गंदगी बाहर हो या भीतर, दोनों ही घातक हैं। इसलिए जल को भी स्वच्छ रखें और मन को भी निर्मल बनाएं।” उन्होंने ईश्वर अनुभूति और सेवा भावना पर बल देते हुए कहा कि संत निरंकारी मिशन सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की शिक्षाओं पर चलते हुए सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यों—सफाई अभियान, रक्तदान शिविर और जनजागरण कार्यक्रमों—में निरंतर योगदान दे रहा है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक बाबूराम पासवान की उपस्थिति भी रही, जिन्होंने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि आज जब पूरी दुनिया जल संरक्षण की बात कर रही है, ऐसे में मिशन का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है।
प्रोजेक्ट अमृत का मुख्य उद्देश्य लोगों में यह जागरूकता फैलाना है कि जल ईश्वर की अमूल्य देन है और जीवन के लिए अनिवार्य है। यदि जल नहीं होगा तो भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता। मिशन का संदेश स्पष्ट है—स्वच्छ जल के साथ स्वच्छ जीवन, स्वच्छ मन और स्वच्छ समाज का निर्माण ही आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सच्ची जिम्मेदारी है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
Note सर दोनों फोटो लगाने की कृपा करें धन्यवाद

