उत्तर प्रदेश प्रयागराज से बड़ी खबर
हंडिया ब्लॉक परिसर में सामाजिक समरसता और सम्मान की अनूठी मिसाल देखने को मिली। ब्लॉक प्रमुख महेंद्र कुमार सिंह (मुन्ना) के नेतृत्व में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में सफाई कर्मियों एवं मीडिया कर्मियों को अंगवस्त्र व मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने क्षेत्र में एकता, समानता और भाईचारे का सशक्त संदेश दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष प्रेम कुमार सिंह उर्फ लल्ले उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार ने की।
विशेष रूप से जगुआ एक्सप्रेस न्यूज़ के वरिष्ठ पत्रकार विनोद पांडेय एवं धर्मेंद्र सिंह राठौड़ सहित क्षेत्र के अन्य पत्रकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही ब्लॉक क्षेत्र के सभी सफाई कर्मचारियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण बना रहा।
मीडिया बंधुओं, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों को भी अंगवस्त्र व मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों के लिए भोजन प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसे सभी ने आदरपूर्वक ग्रहण किया।
अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति आपसी सद्भाव और समरसता में निहित है। उन्होंने कहा,
“जब तक हम जाति-पांति, ऊंच-नीच और अमीर-गरीब के भेदभाव को समाप्त नहीं करेंगे, तब तक समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। सभी वर्गों का सम्मान ही सच्ची प्रगति का आधार है।”
कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधान अध्यक्ष पवन कुमार यादव ने प्रभावी ढंग से किया। इस अवसर पर एडीओ पंचायत सुदामा प्रसाद गावड़े, वरिष्ठ पत्रकार गंगा प्रसाद तिवारी, अमरजीत बिंद सहित ब्लॉक हंडिया के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में ब्लॉक प्रमुख ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता की दिशा में एक प्रेरक और सराहनीय पहल बताया। प्रयागराज से डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज प्रदीप मिश्रा फास्ट न्यूज़ इंडिया

20260222145556320640705.mp4
20260222145613242163606.mp4
20260222145633659563375.mp4