शिक्षा निदेशालय में 'जंगलराज': निदेशक पर जानलेवा हमला, लहूलुहान हुए अजय नौडियाल
फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड देहरादून। नगर के ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में आज उस वक्त भारी अराजकता और अफरा-तफरी मच गई, जब अशासकीय विद्यालयों के विवाद को लेकर चल रही एक बैठक के दौरान प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर जानलेवा हमला कर दिया गया। यह पूरी घटना रायपुर विधायक की मौजूदगी में घटित हुई, जिससे शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, अशासकीय विद्यालय प्रबंधन से जुड़े कुछ प्रतिनिधि अपनी मांगों और लंबे समय से चल रहे विवादों के निस्तारण के लिए निदेशालय पहुंचे थे। वार्ता के दौरान निदेशालय के कार्मिकों और प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
विवाद इतना बढ़ गया कि उग्र हुए कुछ लोगों ने सीधे निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हमला बोल दिया। इस हमले में उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और वे लहूलुहान हो गए। कार्यालय के भीतर एक उच्चाधिकारी के साथ हुई इस मारपीट से पूरे परिसर में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में घायल निदेशक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस वक्त यह हमला हुआ, वहां क्षेत्रीय विधायक भी मौजूद थे, जिनकी उपस्थिति में कानून की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं।
इस घटना ने सरकारी मशीनरी और कर्मचारी संगठनों के भीतर गहरे रोष और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। कर्मचारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि राजधानी के मुख्य निदेशालय के भीतर एक शीर्ष अधिकारी सुरक्षित नहीं है और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में उन पर जानलेवा हमले हो रहे हैं, तो यह सीधे तौर पर 'जंगलराज' की स्थिति है। किसी भी विवाद या शिकायत के समाधान के लिए लोकतांत्रिक और विधिक रास्ते उपलब्ध होने के बावजूद हिंसा का सहारा लेना प्रशासनिक ढांचे को कमजोर करता है। इस हमले का सीधा असर अब सरकारी कामकाज पर पड़ता दिख रहा है, क्योंकि कर्मचारी संगठन दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर लामबंद हो गए हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804
