फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड ऊधमसिंहनगर के एसएसपी अजय गणपति ने काशीपुर कोतवाली का दौरा कर जनता और पुलिसकर्मियों के साथ संवाद किया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नशे के तस्करों और साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। अजय गणपति ने स्कूल-कॉलेजों के पास कड़ी निगरानी रखने और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसंवाद के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन अभियान में तेजी लाने और यातायात व्यवस्था सुधारने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस पेंशनर्स से मुलाकात कर उनके अनुभवों को विभाग के लिए कीमती बताया और उनकी समस्याओं को सुना।
पुलिसकर्मियों के सम्मेलन में उन्होंने सख्त हिदायत दी कि कोतवाली आने वाले हर फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए और उनके साथ शालीन व्यवहार किया जाए। अजय गणपति ने पुलिस को अनुशासन बनाए रखने, नियमित गश्त करने और सीसीटीवी कैमरों के जरिए संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने को कहा। अंत में उन्होंने कोतवाली के रिकॉर्ड, मालखाने और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर जरूरी सुधार के निर्देश भी दिए। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804


