भावनृत्य, देश भक्ति तथा भजन के सुर ने दर्शको को किया मंत्रमुग्ध
हास्य की प्रस्तुतियां देते प्रताप फौजदार
फूलों की होली की प्रस्तुति देते कलाकार
विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते कलाकार
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी लालगंज प्रतापगढ़। मुम्बई के मशहूर हास्य कलाकार प्रताप फौजदार के एक से बढ़कर एक हास्य तथा सांस्कृतिक रंगमंच पर देश भक्ति के गीतों व भजन तथा विविध विधाओं के मनमोहक नृत्य की प्रस्तुतियों में इक्तीसवां एकता महोत्सव रविवार की रात झूमता नजर आया। वहीं मां तुझे सलाम, वन्दे मातरम की धुन पर दिल्ली के मशहूर कलाकारों के लेजर शो में बाबा धाम में रंग बिरंगी रोशनी की चमक भी दर्शकों के लिए कुछ अजूबा की अनुभूति करा गयी। पौराणिक स्थली बाबा घुइसरनाथ धाम में अति विशिष्ट दीर्घा में जिले के डीएम शिव सहाय अवस्थी तथा एसपी दीपक भूकर व सांसद प्रमोद तिवारी तथा विधायक आराधना मिश्रा मोना की मौजूदगी में संस्कृति विभाग से आयीं पर्णिका श्रीवास्तव के साथ चोटी के कलाकारों ने शिव ताण्डव की भक्तिमय प्रस्तुति दी। वहीं लोक कलाकारों के द्वारा ए वतन ... मेरा रंग दे बसन्ती चोला जैसे देश भक्ति के गीत पर श्रोताओं की तालियां भी गूंजी और दर्शक दीर्घा से भारत मां के जयघोष को सई की तरंगों में भी उल्लास की लहर उफान लिए दिखी। लपेटे में से देश दुनिया में मशहूर मुम्बई के हास्य कलाकार प्रताप फौजदार का जलवा भी दर्शकों में चढ़ा दिखा। प्रताप फौजदार ने तिरंगे में सरदार का डण्डा, तरबूजे का अंगूर सुनाकर जमकर गुदगुदाया। वहीं हास्य में प्रताप फौजदार ने देश भक्ति का भाव भी पिरोते हुए दर्शको को रोमांचित किया। प्रताप फौजदार के हास्य की फुलझड़ी आम दर्शकों के साथ विशिष्ट दीर्घा को भी कई बार मुस्कुराहट दे गयी। जानी मानी कलाकार वंदनाश्री के सांस्कृतिक दल ने मथुरा का खूबसूरत मयूर नृत्य प्रस्तुत किया। मयूर नृत्य में कलाकारों की साधना देख दर्शकों का मन भी अंदर ही अंदर नृत्य के भाव में आनन्द से भरपूर दिखा। वंदनाश्री के दल ने फूलों की होली की भी आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं कलाकारों ने मंच पर विविध धार्मिक परिदृश्य का भी मंचन कर श्रद्धालुओं खासकर महिलाओं का समर्थन जुटाया। दिल्ली के कलाकारों के द्वारा लेजर शो में रंगबिरंगी रोशनी की जगमगाहट महोत्सव को चार चांद लगा गया। लेजर शो में मां तुझे सलाम, वन्दे मातरम जैसे देशभक्ति की धुन ने दर्शको को अदभुत आनंद दिया। इण्डियन परफार्मिग आर्ट सेंटर के कलाकारों ने देर रात तक भजन व देश भक्ति तथा विविध संस्कृतियों से जुडी प्रस्तुतियां देकर महोत्सव की महक व चमक को बढ़ा गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन लखनऊ के एंकर राजेन्द्र विश्वकर्मा हरिहर व संयोजन शील द्विवेदी ने किया। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना तथा प्रो. डॉ. विजयश्री सोना ने प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को प्रशस्ति पत्र तथा शॉल व महोत्सव का मोमेण्टो भेंट किया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
